बाकू ओलंपियाड R-2- भारत का विजयरथ आगे बढ़ा !! हम फिर जीते !!
03/09/2016 -तरह तरह की संस्कृतियों का मिलन , ना रंगो का भेद ,न भाषा की परेशानी ,ना खो जाने का डर ,बस हर तरफ मुस्कराते चेहरे , सच पूछो तो बाकू नें इस शतरंज के इस सबसे बड़े आयोजन को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया है । शतरंज के महाकुंभ में भारत नें आज लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए धीरे से अपने कदम जमाने शुरू कर दिये है । भारत के लिए दूसरा दिन भी अच्छा ही साबित हुआ । पुरुष टीम नें आज कोस्टा रिका की कमजोर टीम पर शुरू से हमले किए और लगभग एकतरफा अंदाज में 4-0 से जीत दर्ज की । महिला टीम भी अपने से काफी कमजोर टीम ब्राज़ील से 3-1 से जीती तो जरूर पर विश्व नंबर 5 भारत की हरिका द्रोणावली का लगभग जीत चुकी बाजी समय के दबाव में गंवाना भारत के लिए एक झटका रहा हालांकि पूरी उम्मीद है हरिका अगले ही राउंड में जोरदार वापसी करेंगी ।